छत्तीसगढ़ में ईंधन को लेकर अफवाहों पर ब्रेक…सरकार ने कहा, सप्लाई पूरी तरह सामान्य

रायपुर। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच छत्तीसगढ़ में पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों पर सरकार ने साफ रुख अपनाया है। राज्य के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में ईंधन की उपलब्धता पूरी तरह सामान्य है और किसी भी तरह की कमी की स्थिति नहीं है।

पर्याप्त स्टॉक और नियमित समीक्षा, हर स्तर पर नजर
विभागीय अधिकारियों के अनुसार राज्य में एलपीजी, पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार मौजूद है। ईंधन आपूर्ति की साप्ताहिक समीक्षा लगातार की जा रही है ताकि किसी भी संभावित दबाव को समय रहते नियंत्रित किया जा सके। प्रदेश के 2500 से अधिक पेट्रोल पंपों और प्रमुख तेल कंपनियों के डिपो में पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध है।

आंकड़े दे रहे भरोसा, जरूरत से ज्यादा हुई सप्लाई
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक मार्च महीने में पेट्रोल की मांग के मुकाबले 126 प्रतिशत और डीजल की 183 प्रतिशत आपूर्ति दर्ज की गई। अप्रैल में भी स्थिति संतुलित बनी हुई है और मांग के अनुरूप सप्लाई लगातार जारी है।

इतने दिनों का सुरक्षित स्टॉक मौजूद, संकट की कोई स्थिति नहीं
वर्तमान स्थिति की बात करें तो राज्य में करीब 22 दिनों की जरूरत के बराबर पेट्रोल और 15 दिनों की खपत के लिए डीजल का स्टॉक उपलब्ध है। विभाग ने दोहराया है कि यह एक सुरक्षित स्तर है और किसी तरह की आपूर्ति बाधा की आशंका नहीं है।

कालाबाजारी पर सख्ती, लगातार निरीक्षण और छापेमारी
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि जमाखोरी और कालाबाजारी को रोकने के लिए जिला स्तर पर लगातार निरीक्षण और छापेमारी की जा रही है। नियंत्रण कक्ष सक्रिय हैं और शिकायतों के लिए कॉल सेंटर भी संचालित किया जा रहा है, ताकि किसी भी अनियमितता पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।

औद्योगिक मांग से बना अस्थायी दबाव, कंपनियों को दिए निर्देश
हाल ही में तेल कंपनियों के साथ हुई समीक्षा बैठक में यह बात सामने आई कि कुछ औद्योगिक उपभोक्ता रिटेल आउटलेट से डीजल खरीद रहे हैं, जिससे अस्थायी दबाव बना। इस पर कंपनियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे मांग के अनुसार आपूर्ति सुनिश्चित करें और आम उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

सरकार की अपील: अफवाहों से दूर रहें, स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में
अंत में विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अपुष्ट खबर पर भरोसा न करें और अनावश्यक रूप से ईंधन का भंडारण न करें। राज्य में स्थिति पूरी तरह सामान्य है और आपूर्ति व्यवस्था सुचारु रूप से चल रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *