CG Liquor Scam: छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाला मामले में जेल में बंद आरोपी सौम्या चौरसिया और केके श्रीवास्तव को हाई कोर्ट ने जमानत दे दी है. इस मामले में आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) ने 1033 पन्नों का चालान पेश किया. इसमें सौम्या, केके श्रीवास्तव के साथ-साथ देवेंद्र डडसेना का जिक्र भी है. तीनों पर शराब घोटाले में पैसों के लेन-देने और वित्तीय अनियमितताओं का आरोप है.
केके श्रीवास्तव ने क्या कहा?
रायपुर सेंट्रल जेल से बाहर आने के बाद केके श्रीवास्तव ने कहा कि मामला कोर्ट में चल रहा है. इसमें किसी तरह की टिप्पणी करना गलत होगा. पूर्व सीएम भूपेश बघेल से मेरे आज के नहीं बल्कि पुराने संबंध हैं. मेरे तो सुंदरलाल पटवा से भी संबंध थे. मेरे व्यक्तिगत संबंध हैं ना कि पार्टी से हैं.
51 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल
कोर्ट में पेश चालान में कई अहम दस्तावेज पेश किए गए. इसमें पैसे के लेन-देन भी शामिल हैं. अब तक EOW ने शराब घोटाला मामले में 51 लोगों के खिलाफ चार्जशीट पेश की है. देवेंद्र डडसेना के बारे में सामने आया है कि वह कांग्रेस के राजीव भवन में अकाउंटेंट रहा है. उसने शराब घोटाले से संबंधित स्त्रोतों से अवैध पैसे के लेन-देन का काम करता था.
क्या है शराब घोटाला?
साल 2018 से 2023 के बीच राज्य में करीब 3200 करोड़ से ज्यादा का शराब घोटाला हुआ है. उस समय छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार थी. EOW ने चार्जशीट में जानकारी दी है कि इस घोटाले के पैसों से 11 आरोपी अधिकारियों ने अपने रिश्तेदारों के नाम करोडों रुपये की भूमि और दौलत भी खरीदी. अभी तक EOW के अनुसार इन्होंने पूरे शराब घोटाले में करीब 61 लाख अवैध पेटी शराब बिकवाकर 2174 करोड़ रुपए की चपत लगाई थी. लेकिन अब जब इन अधिकारियों के खिलाफ चार्जशीट पेश की गई तो पता चला कि यह घोटाला 2174 नहीं बल्कि 3200 करोड़ से अधिक का है.



















