रायपुर: में धर्म स्वातंत्र्य विधेयक को लेकर हलचल तेज हो गई है। डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने संकेत दिए हैं कि राज्यपाल रमेन डेका इस विधेयक पर कभी भी हस्ताक्षर कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि राज्यपाल इस विषय पर गंभीरता से विचार कर रहे हैं और संभावना है कि निर्णय किसी भी समय सामने आ सकता है।
दिल्ली में होगी अहम बैठक
विजय शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दिल्ली दौरे के दौरान छत्तीसगढ़ से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद के कमजोर पड़ने के बाद यह बैठक हो रही है, जिसमें राज्य की सुरक्षा और विकास को लेकर विस्तृत बातचीत की जाएगी। धर्म स्वातंत्र्य नियमों पर भी विचार-विमर्श होने की संभावना है।
बस्तर के विकास पर सरकार का जोर
बस्तर क्षेत्र को लेकर सरकार का फोकस लगातार बना हुआ है। विजय शर्मा ने कहा कि इलाके में विकास कार्य तेज हुए हैं और नए स्कूल खुल रहे हैं। हालांकि उन्होंने यह भी माना कि अभी काफी काम किया जाना बाकी है और आने वाले समय में बस्तर के विकास को और गति दी जाएगी।
पश्चिम बंगाल पर राजनीतिक बयान
डिप्टी सीएम ने पश्चिम बंगाल की राजनीति पर भी टिप्पणी करते हुए दावा किया कि वहां जल्द ही भाजपा की सरकार बनने वाली है। उन्होंने कहा कि जनता बदलाव के मूड में है और मौजूदा सरकार को हटाने का मन बना चुकी है।
कांग्रेस पर पलटवार
कांग्रेस की बैठकों और सरकार को घेरने के प्रयासों पर प्रतिक्रिया देते हुए विजय शर्मा ने कहा कि विपक्ष को पहले अपने काम का आकलन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार ने दो वर्षों में विभिन्न विभागों के कामकाज की जानकारी सार्वजनिक की है, जो पारदर्शिता का प्रमाण है।
बस्तर से फोर्स हटाने की मांग पर जवाब
बस्तर से सुरक्षा बलों को हटाने की मांग पर उन्होंने सख्त रुख अपनाया। विजय शर्मा ने कहा कि यह क्षेत्र बेहद संवेदनशील है और हाल ही में नक्सल प्रभाव में कमी आई है। ऐसे में बिना पूरी रणनीति के फोर्स को हटाना उचित नहीं होगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि इस मुद्दे पर अफवाहें न फैलाएं और जिम्मेदारी के साथ बात रखें।



















