बलौदाबाजार; जिले के कटगी क्षेत्र में देर रात एक बड़ी आगजनी की घटना ने हड़कंप मचा दिया। यहां स्थित रमेश ऑटो पार्ट्स की दुकान में अचानक आग भड़क उठी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया।
तीन घंटे तक धधकती रही आग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेज थी कि करीब तीन घंटे तक लगातार जलती रही। लपटें दूर से ही दिखाई दे रही थीं, जिससे पूरे इलाके में अफरा तफरी का माहौल बन गया।
लाखों का सामान और नकदी स्वाहा
इस हादसे में दुकान के अंदर रखे ऑटो पार्ट्स पूरी तरह जलकर राख हो गए। साथ ही पास के कमरे में रखी नगदी रकम भी आग की चपेट में आकर खत्म हो गई। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
स्थानीय लोगों और फायर टीम ने संभाला मोर्चा
आग लगते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बुझाने की कोशिश शुरू की। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम भी पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की जानकारी मिलते ही कसडोल थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है और मामले की जांच जारी है।



















