अंबिकापुर में सजेगा खेल महाकुंभ, ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026’ की कुश्ती प्रतियोगिता का आगाज

रायपुर : अंबिकापुर में 28 मार्च से ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026’ के तहत कुश्ती प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ होने जा रहा है। गांधी स्टेडियम में आयोजित इस राष्ट्रीय स्तर के आयोजन में देश के अलग अलग राज्यों से आए जनजातीय खिलाड़ी अपनी ताकत और हुनर का प्रदर्शन करेंगे।

देशभर के पहलवानों की होगी टक्कर

इस प्रतियोगिता में जम्मू कश्मीर, मध्यप्रदेश, झारखंड, असम, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, हिमाचल प्रदेश, मेघालय, गुजरात, ओडिशा, मिजोरम, बिहार, अरुणाचल प्रदेश, तेलंगाना और महाराष्ट्र सहित मेजबान छत्तीसगढ़ के कुल 144 पुरुष और महिला पहलवान हिस्सा ले रहे हैं। यह आयोजन जनजातीय युवाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

चार दिन तक चलेगा मुकाबलों का सिलसिला

28 मार्च से शुरू होकर 31 मार्च तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में हर दिन तीन चरणों में मुकाबले आयोजित किए जाएंगे।

  • सुबह 08:00 से 09:00 बजे तक पहला चरण
  • सुबह 11:00 से दोपहर 02:00 बजे तक दूसरा चरण
  • शाम 04:00 बजे से खेल समाप्ति तक तीसरा चरण

टीवी और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लाइव प्रसारण

इस खेल आयोजन का सीधा प्रसारण डीडी स्पोर्ट्स और प्रसार भारती के माध्यम से किया जाएगा, जिससे देश और विदेश के दर्शक भी इस प्रतियोगिता का आनंद ले सकेंगे।

खिलाड़ियों के लिए पुख्ता इंतजाम

खेल विभाग ने प्रतिभागियों के ठहरने, भोजन, चिकित्सा और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। पूरा सरगुजा जिला इस आयोजन को लेकर उत्साहित है और अपनी समृद्ध जनजातीय संस्कृति के साथ खिलाड़ियों के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार नजर आ रहा है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *