Lockdown News : देशभर में चल रही अटकलों पर केंद्र सरकार ने स्पष्ट बयान जारी किया है। सरकार ने साफ कर दिया है कि देश में लॉकडाउन लगाने की कोई योजना नहीं है। दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसद में दिए गए एक बयान के बाद सोशल मीडिया पर इस तरह की चर्चाएं तेज हो गई थीं।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में देश को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार रहने की बात कही थी, जिसकी तुलना उन्होंने कोरोना काल से की। इसके बाद लोगों ने अंदाजा लगाना शुरू कर दिया कि क्या एक बार फिर लॉकडाउन लगाया जा सकता है। हालांकि, सरकार ने इन सभी अटकलों को पूरी तरह खारिज कर दिया है।
Lockdown News के बीच यह भी स्पष्ट किया गया है कि देश में आम लोगों की गतिविधियों या आर्थिक कामकाज पर किसी प्रकार की कोई पाबंदी नहीं लगाई गई है। गौरतलब है कि 24 मार्च 2020 को कोरोना महामारी के दौरान देशव्यापी लॉकडाउन की घोषणा की गई थी, जिससे लोग इस बार भी आशंकित हो गए थे।
इस बीच, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बढ़ती ईंधन कीमतों और रसोई गैस बुकिंग नियमों में बदलाव को लेकर केंद्र सरकार की आलोचना की। उन्होंने संभावित अलर्ट या लॉकडाउन जैसी चर्चाओं पर भी प्रतिक्रिया दी और कहा कि देश पहले भी कोविड से लड़ चुका है और आगे भी मुकाबला कर सकता है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने भाषण में कहीं भी ‘लॉकडाउन’ शब्द का इस्तेमाल नहीं किया था। साथ ही सरकार ने किसी भी तरह की सार्वजनिक पाबंदियों का ऐलान नहीं किया है।
आगे की तैयारियों को लेकर पीएम मोदी राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक करेंगे, जिसमें अंतरराष्ट्रीय हालात और संभावित प्रभावों की समीक्षा की जाएगी।



















