NH-43 पर भीषण हादसा: कार ट्रैक्टर से टकराई, महिला समेत 2 की मौत

अनूपपुर। अनूपपुर सड़क हादसा में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां कोतमा थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग 43 पर गुरुवार रात भीषण टक्कर हो गई। कोतमा के पास सलीम ढाबा के नजदीक तेज रफ्तार कार ने डीजल से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में कार सवार महिला और चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार शहडोल से मनेंद्रगढ़ की ओर जा रही थी। इसी दौरान सामने चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली, जिसमें 4 ड्रम डीजल लदा था, उसमें कार पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क से उतरकर खेत में जा घुसी।

हादसे में 40 वर्षीय दुलारे शर्मा और गीता पनिका की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 64 वर्षीय हरिशंकर चतुर्वेदी और 33 वर्षीय मीना देवांगन गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोतमा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल अनूपपुर रेफर किया गया।

अनूपपुर सड़क हादसा के बाद कुछ समय के लिए सड़क के दोनों ओर जाम लग गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को बहाल कराया। पुलिस ने दोनों वाहनों और डीजल को जब्त कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *