IND vs AFG: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बीच भारतीय क्रिकेट फैंस के लिए बड़ी खबर सामने आई है. बीसीसीआई ने भारत और अफगानिस्तान के बीच होने वाली बहुप्रतीक्षित सीरीज का आधिकारिक ऐलान कर दिया है. इस दौरे में दोनों टीमों के बीच 1 टेस्ट और 3 मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी. खास बात यह है कि भारत पहली बार अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज खेलेगा.
BCCI ने जारी किया शेड्यूल
दरअसल भारतीय टीम को इसी साल जून के महीने में अफगानिस्तान की मेजबानी करनी है. जिसके तहत दोनों टीमों के बीच 1 टेस्ट और 3 वनडे मैचों की सीरीज खेली जाएगी. इस आगामी श्रृंखला के लिए बीसीसीआई ने पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है. बीसीसीआई द्वारा जारी किए गए शेड्यूल के मुताबिक, दोनों देशों के बीच सीरीज की शुरुआत 1 मात्र टेस्ट से होगी, जो 6 से 10 जून के बीच न्यू चंडीगढ़ में खेला जाएगा. इसके बाद दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का आगाज 14 जून से होगा.
बता दें, यह पहला मौका है जब भारत और अफगानिस्तान की टीमें एक दूसरे के खिलाफ कोई वनडे सीरीज खेलेंगी. इससे पहले दोनों टीमें इस फॉर्मैट में सिर्फ आईसीसी इवेंट्स और एशिया कप में ही आमने-सामने होती थी. भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज के मुकाबले धर्मशाला, लखनऊ और चेन्नई में खेले जाएंगे. इस श्रृंखला से भारतीय टीम आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2027 की तैयारियों में जुट जाएगी.
भारत-अफगानिस्तान सीरीज का पूरा शेड्यूल
- इकलौता टेस्ट- 6 जून से 10 जून- न्यू चंडीगढ़
- पहला वनडे- 14 जून- धर्मशाला
- दूसरा वनडे- 17 जून- लखनऊ
- तीसरा वनडे- 20 जून- चेन्नई
रोहित- कोहली की हो सकती है वापसी
भारत और अफगानिस्तान के बीच होने वाली इस वनडे सीरीज में टीम इंडिया के दिग्गज खिलाड़ी रोहित शर्मा और विराट कोहली एक बार फिर एक्शन में नजर आ सकते हैं. हालांकि बीसीसीआई की ओर से टीम का अभी आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है.



















