‘लव लाइफ रिश्ते’ का फर्जी खेल बेनकाब…राजनांदगांव में मैरिज ब्यूरो के नाम पर 37 लाख की ठगी

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में संचालित एक फर्जी मैरिज ब्यूरो का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। “लव लाइफ रिश्ते मैरिज ब्यूरो” के नाम से चल रहे इस ठगी गिरोह के दो संचालकों को गिरफ्तार किया गया है। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने करीब 37.69 लाख रुपये की धोखाधड़ी को अंजाम दिया।

गुप्त सूचना से शुरू हुई कार्रवाई

इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा को गुप्त सूचना मिली कि बसंतपुर क्षेत्र की सृष्टि कॉलोनी में युवकों को शादी के नाम पर झांसा देकर ठगा जा रहा है। प्रारंभिक जांच के बाद मामला दर्ज कर पुलिस टीम ने छापेमारी की और आरोपियों को मौके से दबोच लिया।

फर्जी प्रोफाइल बनाकर फंसाते थे युवक

पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी इंटरनेट से युवतियों की तस्वीरें डाउनलोड कर फर्जी प्रोफाइल तैयार करते थे। इन प्रोफाइल के जरिए व्हाट्सएप पर संपर्क कर युवकों को आकर्षक रिश्तों का लालच दिया जाता था।

रजिस्ट्रेशन और मीटिंग के नाम पर वसूली

गिरोह युवकों से रजिस्ट्रेशन, प्रीमियम पैकेज और फैमिली मीटिंग जैसे बहाने बनाकर 30 से 40 हजार रुपये तक वसूलता था। पैसे मिलते ही आरोपी संपर्क तोड़ देते थे, जिससे पीड़ितों को ठगी का एहसास होता था।

मोबाइल, दस्तावेज और रिकॉर्ड जब्त

पुलिस ने आरोपियों के पास से 7 एंड्रॉइड मोबाइल, 14 कीपैड फोन और कई रजिस्टर बरामद किए हैं, जिनमें लेनदेन और ठगी से जुड़े रिकॉर्ड दर्ज थे।

आईटी एक्ट समेत कई धाराओं में केस दर्ज

आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। दोनों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।

पुलिस की अपील: सतर्क रहें, सत्यापन जरूरी

राजनांदगांव पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन मैरिज ब्यूरो या सोशल मीडिया के जरिए मिलने वाले विवाह प्रस्तावों पर आंख मूंदकर भरोसा न करें। किसी भी तरह का भुगतान करने से पहले पूरी तरह जांच-पड़ताल जरूर करें और संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *