छत्तीसगढ़ में पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर बवाल: दीपक बैज का सरकार पर तीखा तंज- ‘बरसाती मेंढक’ की तरह बधाई दे रहे हैं मंत्री, जनता को क्या मिला?

रायपुर। पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में कटौती को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि मंत्री एक्साइज ड्यूटी कम करने पर बधाई दे रहे हैं, लेकिन इससे आम जनता को कोई राहत नहीं मिली है।

दीपक बैज ने कहा कि एक्साइज ड्यूटी घटाने के बावजूद पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई कमी नहीं आई है। उनका आरोप है कि इस फैसले से केवल तेल कंपनियों को लाभ हो रहा है, जबकि आम लोगों को पहले की तरह ही महंगे दाम पर ईंधन खरीदना पड़ रहा है।

आबकारी विभाग में मैन पावर सप्लाई को लेकर भी उन्होंने सरकार पर सवाल उठाए। बैज ने आरोप लगाया कि सरकार अपने नेताओं को फायदा पहुंचाने के लिए काम कर रही है और एक राष्ट्रीय पदाधिकारी से जुड़े व्यक्ति की दो कंपनियों को काम दिया गया है। उन्होंने इस मामले की जांच की मांग करते हुए आबकारी मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेने को कहा।

अफीम और गांजे की खेती को लेकर भी बैज ने सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में अवैध नशे की खेती को संरक्षण मिल रहा है और कोंडागांव के केशकाल क्षेत्र में मक्के के खेत में गांजे की खेती का मामला सामने आया है। उन्होंने कहा कि शराब और नशे के माध्यम से प्रदेश को नशे का गढ़ बनाया जा रहा है।

पेट्रोल और गैस आपूर्ति के मुद्दे पर मुख्यमंत्री की बैठक को लेकर भी बैज ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि सरकार एक ओर गैस की कमी से इनकार कर रही है, वहीं दूसरी ओर सिलेंडर के दाम बढ़ाए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पेट्रोल पंपों पर लोगों को लाइन में लगना पड़ रहा है। बैज ने सरकार से स्थिति स्पष्ट करने और जनता से माफी मांगने की मांग की।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *