दुष्कर्म पीड़िता को धमकी…केस वापस लेने का दबाव… 2 आरोपी फरार

रायगढ़। जिले में एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां दुष्कर्म की पीड़िता ने आरोप लगाया है कि आरोपी और उसके सहयोगी लगातार उसे केस वापस लेने के लिए धमका रहे हैं। महिला थाना में शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ नया अपराध दर्ज कर जांच तेज कर दी है।

केस वापस लेने और जान से मारने की धमकी

पीड़िता के अनुसार, आरोपी बादल सिंह राजपूत और उसके साथी अनमोल अग्रवाल उस पर लगातार दबाव बना रहे हैं। आरोप है कि उन्होंने न केवल केस वापस लेने को कहा, बल्कि मना करने पर जान से मरवाने की धमकी भी दी।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। फिलहाल दोनों आरोपी फरार बताए जा रहे हैं और उनकी तलाश जारी है।

पहले भी दर्ज है दुष्कर्म का मामला

पीड़िता ने बताया कि उसने 3 फरवरी 2026 को आरोपी बादल सिंह राजपूत के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप था कि आरोपी ने अक्टूबर 2022 से जनवरी 2026 के बीच शादी का झांसा देकर उसका शोषण किया और आपत्तिजनक वीडियो भी बनाया।इस मामले में पुलिस ने पहले ही कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा था, लेकिन वह वर्तमान में जमानत पर बाहर है।

कोर्ट परिसर में भी बनाया दबाव

पीड़िता का आरोप है कि 18 मार्च को जब वह बयान के लिए कोर्ट पहुंची, तब वहां मौजूद अनमोल अग्रवाल और अन्य लोगों ने उसे केस वापस लेने के लिए कहा। साथ ही पैसों का लालच देकर समझौते का दबाव बनाया गया।

मंदिर परिसर में भी दी धमकी

पीड़िता ने यह भी बताया कि अगले दिन मंदिर परिसर में आरोपी बादल सिंह राजपूत अपने साथियों के साथ मिला और खुलेआम धमकी दी कि जमानत पर बाहर आने के बाद वह कुछ नहीं बिगाड़ सकती।

पुलिस की कार्रवाई जारी

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मुख्य आरोपी पहले से ही आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *