रायपुर पुलिस कमिश्नर का पता बदला: जानिये अब कहां है पुलिस कमिश्नर दफ्तर

 रायपुर 5 मार्च 2026। रायपुर में पुलिस प्रशासन से जुड़ा एक बड़ा बदलाव हुआ है। पुलिस कमिश्नर कार्यालय को नए स्थान पर स्थानांतरित कर दिया गया है। अब पुलिस कमिश्नर (CP) का कार्यालय C-3 बंगले से संचालित होगा। यह वही बंगला है, जहां पूर्व में डिप्टी सीएम और गृह मंत्री विजय शर्मा निवास करते थे।

कमिश्नरेट प्रणाली लागू होने के बाद रायपुर में पुलिस कमिश्नर कार्यालय की शुरुआत पुराने राजस्व कमिश्नर कार्यालय से की गई थी। शुरुआती दौर में अस्थायी व्यवस्था के तहत वहीं से कामकाज संचालित हो रहा था। लेकिन प्रशासनिक आवश्यकताओं और बेहतर सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए अब इसे C-3 बंगले में शिफ्ट कर दिया गया है।

नए कार्यालय में आज से पहले पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने बैठना शुरू कर दिया है। उनके साथ अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर (Add. CP) अमित तुकाराम कांबले भी नए कार्यालय से ही अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे। इससे पुलिस मुख्यालय से जुड़े सभी उच्चस्तरीय निर्णय और प्रशासनिक गतिविधियां अब नए पते से संचालित होंगी।

सूत्रों के अनुसार, C-3 बंगले को पुलिस कमिश्नर कार्यालय के अनुरूप तैयार किया गया है। यहां सुरक्षा व्यवस्था, मीटिंग हॉल, कंट्रोल रूम और अधिकारियों के लिए आवश्यक कार्यालयीन सुविधाएं विकसित की गई हैं। माना जा रहा है कि इस बदलाव से प्रशासनिक कार्यों में और अधिक सुव्यवस्था आएगी तथा आम जनता की शिकायतों के निराकरण की प्रक्रिया भी तेज होगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *