बिलासपुर। सरकंडा पुलिस ने अपराध और अशांति फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए 9 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। खास बात यह है कि पकड़े गए आरोपियों में 3 ऐसे अपराधी भी शामिल हैं, जो लंबे समय से फरार चल रहे थे।
जानकारी के अनुसार, एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। इस कार्रवाई को एडिशनल एसपी राजेन्द्र जायसवाल और सीएसपी सरकंडा सिद्धार्थ बघेल के मार्गदर्शन में अंजाम दिया गया। थाना प्रभारी निलेश पाण्डेय के नेतृत्व में गठित टीम ने क्षेत्र में अलग-अलग जगहों पर दबिश दी।
पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान चिंगराजपारा, रपटा चौक चांटीडीह और अशोक नगर सरकंडा से इन बदमाशों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में सैय्यद सद्दाम अली, जयसिंह राजपूत, गोलू कुमार गंधर्व, रोशन ध्रुव और दिनेश निर्मलकर शामिल हैं। इनके अलावा कृष्ण कुमार कैवर्त्य, नवल वर्मा, परमेश्वर उर्फ पुक्की केंवट, सागर साहू और प्रहलाद मराठा को भी पकड़ा गया।
गौरतलब है कि परमेश्वर उर्फ पुक्की केंवट, सागर साहू और प्रहलाद मराठा थाना सरकंडा में दर्ज अपराध क्रमांक 1051/25 के मामले में फरार चल रहे थे। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
सरकंडा पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अपराध नियंत्रण की दिशा में बड़ी सफलता माना जा रहा है। इससे बदमाशों में खौफ और आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है।