Navratri 2026: महिला प्रतिनिधित्व पर इंदौर में सियासी घमासान…BJP-Congress आमने-सामने

Navratri 2026 के पावन पर्व के बीच इंदौर की सियासत में महिला सम्मान और प्रतिनिधित्व को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। शहर कांग्रेस की नई कार्यकारिणी में महिलाओं को पर्याप्त जगह न मिलने पर बीजेपी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। बीजेपी ने इसे महिला विरोधी मानसिकता का उदाहरण बताते हुए मुद्दे को और गरमा दिया है।

दरअसल, कांग्रेस की नई कार्यकारिणी सूची सामने आने के बाद बीजेपी ने आरोप लगाया कि पार्टी ने महिलाओं को नजरअंदाज किया है। बीजेपी नेताओं का कहना है कि जब देशभर में नवरात्र के दौरान मातृशक्ति की पूजा की जा रही है, ऐसे समय में महिलाओं को संगठन में जगह न देना दुर्भाग्यपूर्ण है। बीजेपी नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि यह पहली बार नहीं है, जब पार्टी पर महिलाओं के प्रति असम्मान के आरोप लगे हैं।

वहीं, कांग्रेस ने भी इन आरोपों पर पलटवार किया है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने कहा कि बीजेपी खुद महिला सम्मान के मुद्दे पर सवालों के घेरे में है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी शासन में महिला अधिकारियों का अपमान होता रहा है और महिलाओं पर अत्याचार के मामले भी बढ़े हैं। कांग्रेस ने यह भी दावा किया कि उनकी सूची में दो महिला आमंत्रित सदस्य शामिल हैं और महिलाओं को आरक्षण देने की पहल भी कांग्रेस ने ही की थी।
इस विवाद ने इंदौर की राजनीति को गरमा दिया है। महिला प्रतिनिधित्व का यह मुद्दा अब केवल संगठन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि राजनीतिक विचारधारा और महिला सम्मान से जुड़ गया है। आने वाले दिनों में यह विवाद और तेज होने की संभावना है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *