भोपाल। मध्य प्रदेश में दलबदल के चलते सत्ता से बाहर हुई कांग्रेस अब संगठन को फिर से मजबूत करने के मिशन पर काम कर रही है। पार्टी नेतृत्व ने साफ संकेत दिए हैं कि अब जमीनी स्तर से लेकर मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म तक नई ऊर्जा और नए चेहरों को जगह दी जाएगी।
टैलेंट हंट के जरिए हो रहा चयन
इसी दिशा में कांग्रेस ने प्रदेशभर में टैलेंट हंट अभियान शुरू किया है। इस पहल के तहत प्रवक्ता, रिसर्च कॉर्डिनेटर और सोशल मीडिया टीम के लिए योग्य उम्मीदवारों की तलाश की जा रही है, ताकि संगठन को आधुनिक और प्रभावी बनाया जा सके।
युवाओं में दिखा जबरदस्त उत्साह
इस अभियान को प्रदेशभर में जोरदार प्रतिसाद मिला है। करीब 5 हजार युवाओं ने आवेदन किया है, जिनमें से लगभग 1000 उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है। यह आंकड़ा बताता है कि युवाओं में राजनीति और संगठनात्मक भूमिका को लेकर रुचि तेजी से बढ़ रही है।
अलग अलग क्षेत्रों के प्रोफेशनल्स शामिल
आवेदन करने वालों में इंजीनियर, वकील, प्रोफेसर, लेखक और डेटा साइंटिस्ट जैसे विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ शामिल हैं। इसके साथ ही देश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों से पढ़े युवा भी इस प्रक्रिया का हिस्सा बने हैं।
डिजिटल और रणनीतिक मजबूती पर फोकस
कांग्रेस इस पहल के जरिए न सिर्फ संगठनात्मक ढांचा मजबूत करना चाहती है, बल्कि मीडिया मैनेजमेंट, रिसर्च और सोशल मीडिया पर अपनी पकड़ भी मजबूत करने की कोशिश कर रही है। माना जा रहा है कि आने वाले चुनावों को देखते हुए पार्टी यह कदम उठा रही है, ताकि हर स्तर पर तैयारी मजबूत हो सके।



















