मोबाइल नंबर की तरह अब बैंक अकाउंट भी होगा पोर्ट, RBI की नई तैयारी, जानिए क्या है नया नियम

Bank Switching Service India: नौकरी बदलने या दूसरे शहर शिफ्ट होने पर नया बैंक अकाउंट खुलवाना काफी सिरदर्द भरा काम होता है. इस झंझट को खत्म करने के लिए RBI एक नई योजना ‘पेमेंट्स विजन 2028’ पर काम कर रहा है. इसके आने के बाद आप मोबाइल नंबर की तरह ही अपना बैंक अकाउंट पोर्ट करा सकेंगे. यानी आप अपनी सुविधा के अनुसार बैंक तो बदल पाएंगे लेकिन आपका अकाउंट नंबर वही रहेगा, जिससे पुराने बैंकिंग डिटेल्स अपडेट करने की जरूरत नहीं पड़ेगी.

बदलाव क्यों जरूरी है?

फिलहाल बैंक बदलना बहुत मुश्किल काम है क्योंकि नया अकाउंट नंबर मिलते ही आपको हर जगह जैसे सैलरी, निवेश, बिल पेमेंट और सरकारी कागजों में उसे अपडेट करना पड़ता है. इसी झंझट की वजह से लोग खराब सर्विस या ज्यादा फीस झेलने के बावजूद पुराना बैंक नहीं छोड़ पाते. RBI की यह नई योजना इसी परेशानी को दूर करने के लिए लाई जा रही है ताकि बैंक बदलना आसान हो सके.

अकाउंट पोर्ट सिस्टम कैसे काम करेगा?

अब बैंक अकाउंट नंबर आपकी एक परमानेंट पहचान बन जाएगा, जो किसी खास बैंक तक सीमित नहीं रहेगा. जब भी आप अपना बैंक बदलेंगे तो नया बैंक पुराने अकाउंट नंबर को ही अपने सिस्टम में चालू कर देगा. आसान भाषा में कहें तो, बैंक बदलना अब सिम कार्ड पोर्ट कराने जितना सरल हो जाएगा और आपको बार-बार अपना नंबर बदलने की टेंशन नहीं लेनी होगी.

EMI-SIP और बिल पेमेंट पर क्या बदलाव होगा?

आपके मन में यह सवाल ज़रूर होगा कि बैंक बदलने से EMI, SIP या बिल पेमेंट्स में कोई दिक्कत तो नहीं आएगी. इसके लिए RBI एक खास ‘सेंट्रलाइज्ड सिस्टम’ तैयार कर रहा है. यह सिस्टम आपके सभी ऑटो-डेबिट और पेमेंट मैंडेट्स को अपने-आप नए बैंक में ट्रांसफर कर देगा. इससे आपका कोई भी काम नहीं रुकेगा और आपको बार-बार बैंक के चक्कर लगाने की ज़रूरत भी नहीं पड़ेगी.

PaSS सिस्टम से होगा आसान ट्रांजिशन

RBI इस नई सुविधा को हकीकत बनाने के लिए ‘पेमेंट्स स्विचिंग सर्विस (PaSS)’ नाम का एक खास डिजिटल प्लेटफॉर्म बना रहा है. यह प्लेटफॉर्म आपके सभी पेमेंट डिटेल्स को एक जगह सुरक्षित रखेगा. जैसे ही आप बैंक बदलेंगे ये सारी जानकारी खुद-ब-खुद आपके नए बैंक में पहुंच जाएगी. इससे फायदा यह होगा कि आपके खाते में आने वाले पैसे और होने वाले खर्च, दोनों बिना किसी रुकावट के जारी रहेंगे.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *