जांजगीर-चांपा: सरकारी जमीन की अवैध बिक्री का आरोप, सरपंच और पति फंसे विवाद में…ग्रामीणों ने कलेक्टर से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की

जांजगीर-चांपा जिले में सरकारी जमीन की खरीद-फरोख्त को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि सरपंच और उनके पति इस अवैध कारोबार में शामिल हैं। ताजा मामला सरखों ग्राम पंचायत का है, जहां ग्रामीण विजेंद्र साहू ने कलेक्टर को शिकायत दी और मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

सरपंच और पति पर 2 लाख रुपये की अवैध वसूली का आरोप

शिकायत में बताया गया कि ग्राम सरखों की सरपंच प्रीति बल्लू राठौर ने अपने पति बलदेव राठौर के माध्यम से शिक्षक कमलेश साहू को सरकारी जमीन बेची। इसके एवज में करीब 2 लाख रुपये की अवैध वसूली की गई। शिकायतकर्ता के अनुसार, खसरा नंबर 423/2 और 424 में दर्ज लगभग 0.49 एकड़ सरकारी भूमि को ऋषि राठौर के जरिए कमलेश साहू को बेचने का यह मामला सामने आया।

विजेंद्र साहू ने आरोप लगाया कि जमीन की राशि न देने पर सरपंच ने कमलेश साहू को खरीद से रोकने की धमकी भी दी। उनके पास इस बातचीत का ऑडियो रिकॉर्डिंग भी मौजूद है, जिसमें कमलेश साहू की किसी व्यक्ति से हुई फोन वार्ता शामिल है।

प्रशासन से कार्रवाई की मांग

शिकायत में सरपंच प्रीति राठौर के खिलाफ धारा 40 के तहत कार्रवाई की मांग की गई है। साथ ही उनके पति, जो सीएसईबी मड़वा ताप विद्युत गृह में कार्यरत हैं, उन पर भी अवैध वसूली के आरोप में कार्रवाई की मांग की गई है।

जांच के बाद ही सामने आएगा सच

प्रशासन ने अभी तक मामले की पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू की जाएगी और जांच के निष्कर्ष के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *