जम्मू-कश्मीर: त्राल में मुठभेड़, एक आतंकी ढेर; शोपियां में लश्कर के तीन आतंकी मारे गए

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में आतंकियों के खिलाफ सुरक्षा बलों की कार्रवाई लगातार जारी है। गुरुवार सुबह अवंतीपोरा के त्राल इलाके के नादेर क्षेत्र में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ शुरू हुई। कश्मीर पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी और बताया कि पुलिस और सुरक्षा बल मौके पर सक्रिय हैं। इस मुठभेड़ में अब तक एक आतंकी के मारे जाने की सूचना है, हालांकि मुठभेड़ अभी भी जारी है।

शोपियां में तीन लश्कर आतंकियों का सफाया

इससे पहले, मंगलवार को दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले के केलर के शुकरू वन क्षेत्र में सुरक्षाबलों ने लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े तीन आतंकियों को मार गिराया। सूत्रों के अनुसार, इन तीन में से दो आतंकियों की पहचान हो चुकी है।

पहला आतंकी शाहिद कुट्टे, शोपियां के चोटिपोरा हीरपोरा का निवासी था और श्रेणी ‘ए’ का लश्कर ऑपरेटिव था। वह 8 अप्रैल 2024 को श्रीनगर के डेनिश रिसॉर्ट में हुए हमले, 18 मई 2024 को भाजपा सरपंच की हत्या, और 3 फरवरी 2025 को कुलगाम में एक सैनिक की हत्या में शामिल था।

दूसरे आतंकी की पहचान अदनान शफी डार के रूप में हुई है, जो वंडुना मेलहोरा, शोपियां का निवासी था। वह श्रेणी ‘सी’ का लश्कर ऑपरेटिव था और 18 अक्टूबर 2024 को वाची में गैर-स्थानीय मजदूरों की हत्या में शामिल रहा। तीसरे आतंकी की पहचान अभी नहीं हो सकी है।

जम्मू-कश्मीर मुठभेड़ में तेजी से हो रही कार्रवाई से साफ है कि सुरक्षाबल आतंकी गतिविधियों पर निर्णायक प्रहार कर रहे हैं और राज्य में शांति स्थापित करने के लिए पूरी तरह सतर्क हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *