जलगांव बस हादसा: पुल से नदी में गिरी बस, 3 की मौत, 20 घायल

महाराष्ट्र के जलगांव जिले में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई और 20 से अधिक यात्री घायल हो गए। यह हादसा उस समय हुआ जब इंदौर से भुसावल जा रही एक प्राइवेट बस अचानक अनियंत्रित होकर मोर नदी में जा गिरी।

पुलिस के मुताबिक, मध्य प्रदेश नंबर प्लेट वाली यह बस इंदौर-जलगांव मार्ग पर स्थित अमोदा गांव के पास सुबह करीब 6 बजे पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नदी में गिर गई। बस के चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया था, जिसके चलते यह बड़ा हादसा हुआ।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण और पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल बचाव अभियान शुरू किया गया। दुर्घटना में तीन यात्रियों की मौके पर मौत हो गई, जबकि अन्य घायलों को निकटवर्ती अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों और घायलों की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। पुलिस ने बताया कि फैजपुर थाने में मामला दर्ज किया जा रहा है।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने लोक निर्माण विभाग (PWD) पर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि मोर नदी पर बना यह पुल काफी समय से जर्जर स्थिति में है और विभाग ने इसे नजरअंदाज किया है। हैरानी की बात यह है कि यह पिछले एक महीने में इसी इलाके में हुई 26वीं दुर्घटना है, जिससे लोगों में भारी आक्रोश है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *