महासमुंद में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत से सनसनी

महासमुंद। जिले के बागबहरा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। आदिमजाति विभाग में भृत्य के पद पर कार्यरत बसंत पटेल और उसके पूरे परिवार की मौत की खबर से इलाके में शोक और हैरानी का माहौल है।

घटना हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी की है, जहां बसंत पटेल अपने परिवार के साथ रहता था। बुधवार सुबह काफी देर तक घर का दरवाजा नहीं खुलने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। जब पुलिस ने दरवाजा खोला तो बसंत पटेल की लाश फांसी पर लटकी मिली, जबकि उसकी पत्नी भारती पटेल, 11 वर्षीय बेटी सेजल और 4 साल के बेटे कियांश की लाश कमरे में पड़ी थी।

प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि महिला और बच्चों की मौत जहरीला पदार्थ सेवन करने से हुई है, और इसके बाद बसंत ने खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि, अब तक स्पष्ट कारण सामने नहीं आ सके हैं कि आखिर उसने इतना खौफनाक कदम क्यों उठाया।

एसपी और पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। मर्ग कायम कर लिया गया है और परिवार के जानने वालों से पूछताछ की जा रही है ताकि आत्महत्या की असली वजह सामने आ सके।

महासमुंद में एक ही परिवार की मौत की यह घटना न केवल दुखद है बल्कि कई सवाल भी खड़े करती है—क्या कोई आर्थिक संकट था, घरेलू विवाद या मानसिक तनाव? पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *