जेईई मेंस परीक्षा में नकल करते छात्र को दुर्ग पुलिस ने पकड़ा…चप्पल में छिपाकर लाया मोबाइल

दुर्ग। जेईई मेंस की परीक्षा के दौरान नकल की कोशिश करते छात्र को दुर्ग पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मामला पुरानी भिलाई स्थित पार्थिवी इंजीनियरिंग मैनेजमेंट कॉलेज का है। आरोपी छात्र आदित्य ने परीक्षा के दौरान अपनी चप्पल के अंदर मोबाइल छिपाकर परीक्षा केंद्र में लाया था। गार्ड की सतर्कता के चलते वह पकड़ में आ गया।

परीक्षा के दौरान हुआ चतुराई का प्रयास

गुरुवार सुबह 9 बजे से जेईई मेंस की पहली पाली शुरू हुई। मुख्य गेट पर चेकिंग के दौरान आदित्य ने अपनी चप्पल पहले ही उतार दी थी, ताकि मेटल डिटेक्टर की जांच में वह पकड़ में न आए। वह लैब में जाकर अपनी सीट पर बैठ गया।

संदिग्ध हरकतों ने गार्ड का ध्यान खींचा

सुबह 11:08 बजे आदित्य ने वॉशरूम जाने की अनुमति मांगी और लगभग 20 मिनट बाद लौटा। वापसी पर गार्ड ओमेंद्र कुमार ने उसकी जांच की। आदित्य ने फिर से चालाकी दिखाते हुए चप्पलें उतार दीं। जैसे ही वह लैब की तरफ बढ़ा, गार्ड को उसकी अजीब चाल संदिग्ध लगी।

चप्पल के तलवे में मोबाइल मिला

गार्ड ने जब चप्पल की बारीकी से जांच की, तो उसमें मोबाइल फोन छिपा पाया। छात्र ने चप्पल के तलवे को बीच से काटकर मोबाइल रखने के लिए खास जगह बनाई थी।

पुलिस और अधिकारियों को सौंपा गया आरोपी

इस घटना की सूचना तुरंत कॉलेज के वेन्यू कमांडिंग ऑफिसर अजीत वर्मा और एनटीए अधिकारियों को दी गई। आरोपी छात्र को पुलिस के हवाले किया गया और उसके खिलाफ छत्तीसगढ़ सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *