मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सख्त कार्यशैली: सुशासन तिहार में लापरवाह अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई, योजनाओं के तेज क्रियान्वयन पर जोर
रायपुर। सुशासन तिहार के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने एक बार फिर स्पष्ट कर दिया है कि अब प्रशासनिक लापरवाही को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने मुंगेली जिले के जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता आर.के. मिश्रा को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश दिया। उन्होंने कहा कि वर्षों से अधूरी पड़ी मनियारी और पथरिया जलाशय परियोजनाएं लापरवाही का जीवंत प्रमाण हैं।
इसी बैठक में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के जिला शिक्षा अधिकारी (D.E.O.) जगदीश शास्त्री को भी पद से हटाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि बोर्ड परीक्षा में जिले का खराब प्रदर्शन शिक्षा व्यवस्था की गंभीर खामी को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री ने मुंगेली कलेक्ट्रेट में आयोजित समीक्षा बैठक में मुंगेली, बिलासपुर और जीपीएम जिले के प्रशासनिक अधिकारियों से कहा कि वे ग्रामीण क्षेत्रों का नियमित दौरा करें, ताकि योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन हो सके।
पेयजल, स्वास्थ्य और कृषि प्राथमिकता में
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भीषण गर्मी में किसी को पेयजल की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके साथ ही मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए भी कार्य योजना पर अमल के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खाद-बीज की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो।
अटल सेवा केंद्र और डिजिटल ट्रांजेक्शन पर ज़ोर
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 1460 अटल डिजिटल सेवा केंद्र संचालित हैं और अगले छह माह में 5000 और खोले जाएंगे। उन्होंने निर्देश दिया कि ये सभी केंद्र नियमित संचालन में रहें और लोगों को मूलभूत सेवाएं समय पर मिलें।
मजदूरी भुगतान में लापरवाही नहीं चलेगी
मरवाही वन मंडल में मजदूरी भुगतान लंबित होने पर मुख्यमंत्री ने मजदूरों के घर जाकर भुगतान करने के निर्देश दिए। साथ ही बिलासपुर जिले में राजस्व प्रकरणों का जल्द निराकरण करने को कहा।
तालाब भराव और जल संरक्षण पर ज़ोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि बरसात से पहले हर तालाब लबालब भरना चाहिए। इसके लिए जल आगमन मार्गों से अतिक्रमण हटाने और जनभागीदारी से जल संरक्षण कार्यों को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री आवास, आयुष्मान कार्ड और पर्यटन
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अधूरे मकानों को बरसात से पहले पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने बिलासपुर में 5 लाख से अधिक लंबित आयुष्मान कार्ड को लेकर सीएमएचओ को फटकार लगाई और इसके समाधान के लिए तेजी से काम करने के निर्देश दिए।
अचानकमार टाइगर रिजर्व: विस्थापन और पर्यटन
मुख्यमंत्री ने अचानकमार टाइगर रिजर्व के ग्रामों के विस्थापन को ग्रामीणों की सहमति और विश्वास के साथ समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने को कहा। साथ ही क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, विधायक धरमलाल कौशिक, पुन्नूलाल मोहले, मुख्य सचिव अमिताभ जैन सहित संभाग व जिले के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।



















