बीजापुर में 5 हत्याओं से मचा हड़कंप, नक्सलियों पर शक

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक ही रात में 5 लोगों की हत्या कर दी गई। इन हत्याओं के पीछे नक्सलियों का हाथ होने की आशंका जताई जा रही है। घटनाएं जिले के पामेड़ और उसूर थाना क्षेत्रों में हुईं, जहां पहले से नक्सल गतिविधियां सक्रिय रही हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मारूडबाका गांव में कांग्रेस कार्यकर्ता नागा भंडारी की हत्या की गई। इसके अलावा मीनागट्टा में शिक्षादूत अशोक मुचाकी और रमेश मुचाकी, और कंचाल गांव में रसोइया मडकम हड़मा और करतम कोसा को नक्सलियों ने अपना शिकार बनाया। इन हत्याओं ने क्षेत्र में दहशत का माहौल बना दिया है, खासकर शिक्षक, शिक्षादूत और रसोइयों के बीच। इन कर्मचारियों की हत्या के बाद उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

हैरान करने वाली बात यह है कि कांग्रेस कार्यकर्ता नागा भंडारी की हत्या के बाद भी परिजनों ने थाने में सूचना नहीं दी। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, नक्सलियों की धमकियों के कारण परिजन पुलिस के पास जाने से डर रहे थे। यह प्रशासन के लिए एक बड़ी चुनौती बन गई है, क्योंकि नक्सल गतिविधियों का खतरा बढ़ गया है।

इस घटनाक्रम के बाद पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीमों ने इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है और अधिकारियों ने घटनास्थल का दौरा किया है। पुलिस ने स्थिति की निगरानी भी बढ़ा दी है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *