नक्सल विरोधी अभियान में घायल जवानों से मिले अमित शाह और विजय शर्मा, बढ़ाया हौसला

रायपुर/नई दिल्ली। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने आज नई दिल्ली स्थित एम्स ट्रॉमा सेंटर का दौरा किया और छत्तीसगढ़-तेलंगाना सीमा पर करेगुट्टा पहाड़ियों में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान घायल हुए सुरक्षा बलों के जवानों से मुलाकात की। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा भी मौजूद रहे।

वीरता को किया सलाम: 31 नक्सली ढेर करने वाले ऑपरेशन में थे शामिल

अमित शाह ने कहा कि सुरक्षा बलों ने अपनी वीरता से नक्सलवाद के खिलाफ बड़ी जीत हासिल की है। उन्होंने बताया कि जवानों ने करेगुट्टा क्षेत्र में लगातार 21 दिनों तक चले अभियान में 31 नक्सलियों को मार गिराया। यह ऑपरेशन देश की सुरक्षा व्यवस्था और सुरक्षाबलों के समर्पण का जीवंत उदाहरण है।

केंद्रीय मंत्री ने घायल जवानों का हालचाल जाना और उन्हें विश्वास दिलाया, “देश को आप पर गर्व है और पूरा राष्ट्र आपके साथ खड़ा है।”

विजय शर्मा ने भी बढ़ाया हौसला

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भी जवानों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनका मनोबल बढ़ाया। उन्होंने कहा, “जवानों के चेहरे पर मुस्कान देखकर गर्व होता है। आपकी भुजाओं की ताकत और साहस को पूरा देश देख रहा है।”

उन्होंने घायल जवानों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि उनकी बहादुरी और देश के प्रति समर्पण अतुलनीय है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *