जांजगीर में निवेश के नाम पर 50 करोड़ की ठगी, 100 से अधिक लोग बने शिकार

छत्तीसगढ़ के जांजगीर जिले से निवेश के नाम पर बड़े पैमाने पर ठगी का मामला सामने आया है। शेयर ट्रेडिंग में भारी रिटर्न का झांसा देकर हरिशंकर गुप्ता नामक व्यक्ति ने 100 से अधिक लोगों से करीब 50 करोड़ रुपये की रकम ऐंठ ली और फरार हो गया।

पीड़ित निवेशकों ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और अपनी रकम वापस दिलाने की मांग की है।


तीन प्रतिशत ब्याज का लालच बना ठगी का आधार

पांडरीकला निवासी हरिशंकर गुप्ता लंबे समय से चांपा की शांति विहार कॉलोनी में रह रहा था। उसने लोगों को शेयर बाजार में निवेश कर मोटा मुनाफा देने का झांसा दिया।

शुरुआत में उसने तीन प्रतिशत मासिक ब्याज का भरोसा देकर लोगों को आकर्षित किया। कुछ निवेशकों को शुरुआती भुगतान भी किया गया, जिससे लोगों का भरोसा मजबूत हो गया। इसके बाद उसने धीरे धीरे बड़ी रकम जुटाकर गायब हो गया।


एजेंट नेटवर्क के जरिए फैलाई गई ठगी की जाल

इस पूरे फर्जीवाड़े को अंजाम देने के लिए आरोपी ने 20 से 30 एजेंटों का नेटवर्क तैयार किया था। ये एजेंट बाजार से पैसा जुटाते थे और निवेश का लालच देते थे।

योजना के अनुसार

  • तीन प्रतिशत पर पैसा इकट्ठा किया जाता था
  • इसमें से दो प्रतिशत निवेशकों को दिया जाता था
  • एक प्रतिशत आरोपी खुद रखता था

लगातार समय पर ब्याज मिलने से लोगों का भरोसा बढ़ता गया और इसी भरोसे का फायदा उठाकर करोड़ों रुपये इकट्ठा कर लिए गए।


करोड़ों की पूंजी लगाने वाले भी फंसे

इस ठगी में कई बड़े निवेशक भी शिकार बने हैं। शिकायतकर्ताओं के अनुसार

  • श्याम भारती फ्यूल्स के संचालक ने लगभग 4 करोड़ रुपये लगाए
  • सुनील सराफ ने डेढ़ करोड़ रुपये निवेश किए
  • निरंजन महाराज ने सवा करोड़ रुपये लगाए
  • मुकेश साहू ने लगभग 2 करोड़ रुपये गंवाए

इसके अलावा लव राठौर और जू सोनार सहित दर्जनों लोगों की जमा पूंजी भी इस फर्जीवाड़े में फंस गई।


एजेंटों पर बढ़ा दबाव, जमीन बेचकर कर रहे भुगतान

पीड़ितों का कहना है कि कुछ एजेंट अब दबाव में आकर अपनी जमीन और संपत्ति बेचकर रकम लौटाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन यह पूरी तरह पर्याप्त नही है क्योंकि कुल नुकसान बहुत बड़ा है।


आठ महीने से फरार आरोपी, पुलिस जांच में जुटी

बताया जा रहा है कि हरिशंकर गुप्ता पिछले 8 महीनों से फरार है। उसने लगभग 8 से 9 वर्षों तक चांपा क्षेत्र में रहकर यह नेटवर्क तैयार किया था।

चांपा थाना प्रभारी अशोक वैष्णव के अनुसार पीड़ितों की शिकायत प्राप्त हुई है। सभी पक्षों से पूछताछ की जा रही है और जांच के बाद मामला दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *